बुधवार, 8 अगस्त 2012


(यह लेख बहुवचन में प्रकाशित हुआ है)
नई आर्थिकी, कारपोरेट कल्चर और मीडिया
उमेश चतुर्वेदी
‘ दुनिया जैसी भी है, बनी रहेगी और चलती रहेगी ।’
वाल्टर लिपमैन, अमेरिकी पत्रकार
भारतीय दर्शन में भी जीवन और दुनिया को लेकर कुछ वैसी ही धारणा रही है। जैसा वाल्टर लिपमैन ने कहा था। इस कथन में नियति को स्वीकार करने का भी एक बोध छुपा हुआ है।  दुनिया और अपने आसपास के माहौल में मौजूद तमाम तरह के अंतर्विरोधों के बावजूद यह नियतिवादी दर्शन ही उसके प्रति विरोध और विद्रोह की संभावनाओं को खारिज करता रहता है। कहना न होगा कि इसी नियतिवाद का शिकार इन दिनों भारतीय मीडिया और उसमें सक्रिय लोग भी हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे अपनी नियति से विद्रोह करना नहीं चाहते। लेकिन नई आर्थिकी ने जिस तरह खासतौर पर महानगरीय जिंदगी को आर्थिक घेरे में ले लिया है, वहां विरोध और विद्रोह की गुंजाइश लगातार कम होती गई है। कर्ज के किश्तों पर टिका जिंदगी की जरूरतें और आडंबर ने मीडिया में काम कर रहे लोगों को भी इतना घेर लिया है कि तमाम तरह की विद्रूपताओं के बावजूद इसे झेलने के लिए मजबूर हैं।

बुधवार, 1 अगस्त 2012


पुस्तक समीक्षा
संस्कृति और परंपराओं के बीच जिंदगी को खोजने की जद्दोजहद
उमेश चतुर्वेदी
आदिकवि बाल्मीकि ने दुनिया की पहली कृति रामायण में कहा है कि कुटुंब ही संस्कृति का आधार है। जब कुटुंब ही बिखर जाएगा तो संस्कृति छिन्न-भिन्न हो जाएगी। नई आर्थिकी ने सबसे पहली चोट कुटुंब पर ही की है। इससे कुटुंब बिखर रहा है और इसका असर यह है कि सभ्यता, संस्कृति और वातावरण सबकुछ छिन्न-भिन्न हो रहा है। पृथ्वी भले ही अपनी धुरी पर पहले की ही तरह घूम रही हो, लेकिन  दुर्भाग्यवश मानव मिजाज से लेकर मौसम तक अपनी धुरी को छोड़ता जा रहा है। उससे भी दिलचस्प यह है कि सब कुछ आधुनिकता और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के नाम पर हो रहा है। यह सच है कि परंपराओं में कई अंधविश्वास भी हैं, कई दुरभिसंधियां भी हैं।

गुरुवार, 12 जुलाई 2012

फौलादी शरीर में एक नाजुक दिल रहता था


उमेश चतुर्वेदी 
2003के गर्मियों की बात है। तब मैं बीएजी फिल्म्स में काम करता था। कहने के लिए मेरा काम रोजाना नामक दूरदर्शन के समाचार प्रोग्राम के लिए पीआईबी स्तरीय रिपोर्टिंग करना था। लेकिन कायदे से ज्यादातर काम नए-नवेले आए स्टार न्यूज चैनल के लिए पीआईबी स्तर वाली रिपोर्टिंग करना होता था। तब स्टार के पास कोई पीआईबी रिपोर्टर नहीं होता था, उनके रिपोर्टर को पीआईबी मान्यता मिलने की कम से कम एक साल तक संभावना नहीं थी।

मंगलवार, 10 जुलाई 2012


विवादों की किताबें
उमेश चतुर्वेदी
नई आर्थिकी और उदारीकरण के दौर में जिंदगी के जब सारे फलसफे अमेरिकी तर्ज पर तय हो रहे हों, ऐसे में अगर वहां की ही तरह इतिहास की हकीकत से पर्दे हटाने की कोशिशों का स्वागत किया ही जाना चाहिए। शासन और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के दावों के बीच सचाई तो यही है कि अब तक भारतीय समाज को विगत के फैसलों की जानकारी सिर्फ और सिर्फ मिथकीय अंदाज में सुनी-सुनाई बातों से ही होती रही है।

शनिवार, 7 जुलाई 2012


पुस्तक समीक्षा
पेड न्यूज के खेल को तार-तार करता दस्तावेज
उमेश चतुर्वेदी
पत्रकारिता क्या है, उसका मकसद क्या है...क्या पक्षधर होना पत्रकारिता की जरूरत नहीं है..क्या इस पक्षधरता की कीमत वह भी सीधे-सीधे वसूली जानी जरूरी है...जब-जब पेड न्यूज की चर्चा होती है, इसे समस्या के तौर पर देखा और उसे पत्रकारिता के अब तक के निकष पर कसा जाना शुरू होता है, ये सारे सवाल उठ खड़े होते हैं। इन सवालों के जवाब में ही पत्रकारिता का असल दायित्व और मकसद छिपा हुआ है। लेकिन इन सवालों पर चर्चा से पहले कम से कम अब तक मीडिया के छात्रों को पढ़ाए जाते रहे पत्रकारिता के मकसद की चर्चा कर लेते हैं। पत्रकारिता के छात्रों को पढ़ाया जाता है कि उसका मकसद समाज को सूचनाएं देना, शिक्षा देना और मनोरंजन करना है। इन सबका मकसद सिर्फ सामाजिक मूल्यों को बचाए रखते हुए समाज का भला करना। यदि ऐसा नहीं होता तो

गुरुवार, 14 जून 2012



हिंदी प्रदेश में हिंदी का हाल
उमेश चतुर्वेदी

(यह लेख अमर उजाला में प्रकाशित हो चुका है।)
पिछली सदी के नब्बे के दशक में नई आर्थिकी की आगोश में देश जाने की तैयारी कर रहा था, तब कई सवाल उठे थे। इनमें निश्चित तौर पर आर्थिक मसलों से जुड़े सवाल ज्यादा थे। लेकिन लगे हाथों संस्कृति और भारतीय भाषाओं की भावी हालत को लेकर खासी चिंताएं जाहिर की गई थीं। इन चिंताओं का केंद्रीय बिंदु यह आशंका ही थी कि बाजार आधारित नई आर्थिकी ना सिर्फ संस्कृति के क्षेत्र में ही नकारात्मक दखल देगी, बल्कि देसी भाषाओं पर भी असर डालेगी। नई आर्थिकी के पैरोकारों ने इन चिंताओं को निर्मूल करार देने में देर नहीं लगाई। उनके तर्कों का आधार बनी बाजार की भाषा के तौर पर चिन्हित होती हिंदी और उसका बाजार आधारित विस्तार। लेकिन हिंदी भाषी राज्यों के हृदय प्रदेश उत्तर प्रदेश के दसवीं के नतीजों ने उस खतरे  को पहली बार सतह पर ला खड़ा किया है, जिसकी आशंका नब्बे के दशक मे भाषाशास्त्री उठा रहे थे।

शनिवार, 2 जून 2012


नैतिकता की राह के जरिए कामयाबी का पाठ
उमेश चतुर्वेदी
(यह समीक्षा कादंबिनी जून 2012 के अंक में प्रकाशित हुई है। )
हिंदी प्रकाशन का मतलब हाल के कुछ दिनों पहले तक सिर्फ साहित्य और उसमें भी कहानी-उपन्यास और कविता की पुस्तकों का प्रकाशन होता था। लेकिन अब हिंदी प्रकाशन की दुनिया बदल रही है। हिंदी का नया पाठक वर्ग विकसित भी हुआ है। उदारीकरण के बाद हिंदी पाठकों की भी दिलचस्पी नई आर्थिकी, नए दौर के व्यवसाय और नए जीवन मूल्यों की तरफ बढ़ी है। यही वजह है कि अब व्यवहार, व्यापार से लेकर नए मूल्यों और उन मूल्यों से सामंजस्य बढ़ाने की दिशा में सोच-विचार बढ़ाने वाली पुस्तकों की भी मांग बढ़ी है।