शुक्रवार, 11 जनवरी 2013

आरएसएस के प्रदर्शन की कवरेज....



गतांक से आगे 9...
नवभारत टाइम्स ने 13 नवंबर को एक ही खबर प्रकाशित की। दिल्ली में संघ मुख्यालय के बाहर कांग्रेसियों के प्रदर्शन की तीन कॉलम की तस्वीरों के साथ प्रकाशित यह खबर भी तीन कॉलम की है और इसका शीर्षक है संघ के खिलाफ हजारों कांग्रेसी सड़कों पर।
लेकिन उसके प्रतिद्वंद्वी अखबार दैनिक हिंदुस्तान ने 13 नवंबर को पांच खबरें प्रकाशित की हैं। पहली खबर आरएसएस कार्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन महज दो कॉलम की है , लेकिन उसके साथ झंडेवालान पर कांग्रेसियों के प्रदर्शन की पांच कॉलम की तस्वीर प्रकाशित की गई है। दूसरी खबर को हिंदुस्तान टीम ने लिखा है। तीन कॉलम में प्रकाशित इस खबर को सुदर्शन की तस्वीर और ग्राफिक से सजा कर छापा गया है।
जिसका शीर्षक है – संकट में घिरे सुदर्शन। एक कॉलम की चौथी, एक ही कॉलम की पांचवीं और ढाई कॉलम की तीसरी खबर को एक साथ प्रकाशित किया गया है। इन के साथ मुंबई में संघ के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन की एक कॉलम और जम्मू में प्रदर्शन की दो कॉलम की तस्वीर भी प्रकाशित की गई है। इन खबरों का शीर्षक है सुदर्शन चुप, भाजपा ने किया पलटवार, हिंसक हुआ कांग्रेस और हिंदू संगठनों का टकराव और रीता जोशी के नेतृत्व में दी गई गिरफ्तारी।
अमर उजाला ने भी 13 नवंबर को आठ खबरें प्रकाशित कीं। पहली खबर के साथ तीन कॉलम और एक कॉलम की दो तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं। संघ के झंडेवालान मुख्यालय पर कांग्रेसियों के प्रदर्शन की तसवीरों के साथ प्रकाशित पहली खबर का शीर्षक है- संघ पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा। जबकि एक कॉलम की खबर का शीर्षक रहा रेंगता रहा मध्य दिल्ली का ट्रैफिक। इस खबर के साथ एक सिंगल कॉलम की सूचनात्मक खबर भी है संघ से जुड़े संगठन भी कर सकते हैं प्रदर्शन। ये तीनों खबरें एक साथ हैं। दूसरी खबर का शीर्षक है-सुदर्शन की मुश्किलें बढ़ीं, केस दर्ज। पांच कॉलम की इस खबर के साथ कांग्रेस के हवाले से एक कॉलम की खबर भी है- विरोध जायज। इसके अलावा अंदर के पेज पर तीन खबरें एक साथ लगाई गई हैं। पहली खबर आगरा और लखनऊ डेटलाइन से है, जिसका शीर्षक है कांग्रेसियों और संघ कार्यकर्ताओं में भिड़ंत। इसके साथ सोनभद्र में कांग्रेसियों के प्रदर्शन की तस्वीर भी है। चार कॉलम की इस खबर के साथ दो छोटी-छोटी खबरें भी प्रकाशित की गई हैं बैकफुट पर आई भाजपा का पलटवार और चुप रह कर भी बहुत कुछ कह गए भागवत।
राष्ट्रीय सहारा ने भी इस मौके पर पांच खबरें प्रकाशित की हैं। पहली खबर का शीर्षक है सड़कों पर उतरे कांग्रेसी। इसके साथ भी चार कॉलम की झंडेवालान में कांग्रेसियों के प्रदर्शन की तस्वीर है ,जबकि खबर दो कॉलम की है। इस खबर को अंदर के पृष्ठ पर फैलाया गया है। इसके साथ ही तीन खबरें साथ-साथ प्रकाशित की गई हैं। चार कॉलम की दूसरी खबर थम नहीं रहा कांग्रेस का उबाल के साथ दो छोटी खबरें भी प्रकाशित की गई हैं मप्र, राजस्थान में सुदर्शन के खिलाफ मुकदमे और संघ और भाजपा ने खेद जताया, कांग्रेस ने कहा माफी मांगो और निंदा करो। दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण ने सुदर्शन के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को आधार बनाकर चार खबरें प्रकाशित कीं। पहली खबर एजेंसी के हवाले से प्रकाशित की गई सुदर्शन के खिलाफ देश भर में कांग्रेसियों का प्रदर्शन। इसके साथ दिल्ली के संघ मुख्यालय झंडेवालान , भोपाल और मुंबई में कांग्रेस के प्रदर्शन की ढाई-ढाई कॉलम की तीन तस्वीरें भी प्रकाशित की गईं। पहली खबर तकरीबन ढाई कॉलम की है। जबकि दो कॉलम की खबर का शीर्षक है संघ ने खेद फिर जताया, भाजपा का पलटवार। इसी के साथ लखनऊ से अखबार ने एक और खबर प्रकाशित की है राहुल ने रची थी संघ कार्यालय पर हमले की साजिश : भाजपा। चौथी खबर विश्लेषणात्मक है। नई दिल्ली से लिखी तीन कॉलम की इस खबर का शीर्षक है सुदर्शन का बयान भुनाने में जुटी कांग्रे। इसके साथ एक कांग्रेसी प्रदर्शनकारी की एक कॉलम की फोटो भी छापी गई है।
पंजाब केसरी ने सुदर्शन प्रकरण पर 13 नवंबर को दो खबरें प्रकाशित की हैं। पहली खबर का शीर्षक है- संघ ने खेद जताया, कांग्रेस का कड़ा विरोध प्रदर्शन। वार्ता की इस एक कॉलम की खबर को अंदर के पेज तक फैलाया गया है। इसके साथ ही तीन कॉलम की कांग्रेसियों के प्रदर्शन की तस्वीर भी प्रकाशित हुई है। इसी अखबार में प्रकाशित दूसरी खबर दो कॉलम की है और इसे भी एजेंसी ने ही जारी किया है। जिसका शीर्षक है- सुदर्शन के खिलाफ अदालत मे परिवाद पत्र दाखिल।

कोई टिप्पणी नहीं: