मंगलवार, 25 जनवरी 2011

इंडिया का यंग रिपब्लिक

उमेश चतुर्वेदी
प्रशांत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। आम नौजवानों की तरह प्रशांत की चाहत बिजनेस मैनेजर या आईएएस अफसर बनने की नहीं है। जिंदगी का उसका लक्ष्य साफ है, उसे अपने ताऊ की तरह ठेठ राजनेता बनना है। ऐसे में आम मान्यता तो यही है कि पंद्रह अगस्त और छब्बीस जनवरी को कम से कम वह दूसरे नौजवानों की तुलना में राष्ट्रीय भावनाएं उसे जोर मारेंगी। लेकिन छब्बीस जनवरी को इस बार उसका इरादा देश की सेनाओं की परेड देखना नहीं है। उस दिन उसकी योजना अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखने की है। प्रशांत का कहना है कि साल दर साल वही परेड..क्या रखा है इसमें। इससे बेहतर है कि कुछ नया करो और इन्ज्वाय करो।
ऐसी सोच रखने वाला अकेला नौजवान नहीं है प्रशांत...आज के अधिकांश शहरी नौजवानों की सोच कुछ ऐसी ही है। एक दौर था, जब पंद्रह अगस्त, दो अक्टूबर और छब्बीस जनवरी राष्ट्रीयताबोध को जगाने और इसी बहाने एक बार फिर अपने रोएं फड़काने का माध्यम होता था। तब देशभक्ति का मतलब देश के लिए मर मिटना, राष्ट्रीयता के प्रतीकों का सम्मान करना होता था। लेकिन आज के नौजवानों के लिए इसके मायने बदल गए हैं। इसका मतलब यह नहीं कि आज का नौजवान देशभक्त नहीं रहा। लेकिन राष्ट्रभक्ति दिखाने और उसे जताने का माध्यम बदल गया है। आज का नौजवान देश के लिए कुछ करना तो चाहता है, लेकिन उसकी सोच कुछ अलग है। आईएमआई दिल्ली से एमबीए कर चुकी अंकिता कहती है – “ कॉमनवेल्थ से लेकर 2 जी घोटाले में जिस तरह नेताओं का नाम सामने आया है, उससे किस देशभक्ति का आभास मिलता है। इससे अच्छे तो आज के नौजवान हैं, जिन्हें अपनी पढ़ाई-लिखाई और कैरियर से मतलब है। ”
हर पुरानी पीढ़ी नई पीढ़ी को पथभ्रष्ट मानती है। उसकी नजर में उसका गुजरा जमाना ही बेहतर होता है। जाहिर है आज की पीढ़ी को भी अपनी पुरानी पीढ़ी से ऐसे उलाहने सुनने को मिलते हैं – “आज के नौजवानों को न तो अपने कल्चर से मतलब है न अपने संस्कारों से...” लेकिन इसका भी जवाब नई पीढ़ी के पास है। नई पीढ़ी को लगता है कि पुरानी पीढ़ी को उनकी संस्कृति के चलते क्या हासिल हुआ। इन नौजवानों का कहना है कि पुरानी पीढ़ी के लिए संस्कार और संस्कृति की बात करते रह गए। लेकिन उन्हें बदले में अपने जायज कामों को भी कराने के लिए घूस देने पड़े। पानी – बिजली के गलत बिलों को सही कराना हो या स्कूल में भर्ती कराना, उन्हें रिश्वत देनी पड़ी। नौजवानों का सवाल है कि अगर पुराने दिन इतने ही अच्छे थे, संस्कारों और संस्कृति की इतनी ही बात थी तो फिर क्या हुआ कि भ्रष्टाचारियों की बन आई, राजनीति का मतलब सेवा की बजाय अकूत पैसा कमाना रह गया। दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करके कलम मांजना सीख रहे विनय झा कहते हैं-“ आज की पीढ़ी कम से कम वैसी भ्रष्ट नहीं है, जैसी पुरानी पीढ़ी में थे। आज नौकरी शुरू करने वाले नौजवान को पता है कि वह अपनी सीट पर किसलिए है और उसे अपनी जिम्मेदारी का अहसास है। ”
भारत की जवान पीढ़ी में इन दिनों चेतन भगत, अद्वैत काला या अरविंद अडिगा जैसे उपन्यासकारों की रचनाओं का बोलबाला है। उनके उपन्यास देखते ही देखते लाखों की प्रतियों में बिक रहे हैं। हालांकि भारतीय भाषाओं और हिंदी में बिक्री के ऐसे आंकड़े नजर नहीं आ रहे। कहा तो यह भी जा रहा है कि आज की पीढ़ी के पास चूंकि नैतिक संस्कार वैसे नहीं है, जैसे कि पुरानी पीढ़ी के पास थे। नैतिकता को लेकर जारी वैचारिक और पीढ़ीगत संस्कार ही इन रचनाओं की सफलता का जरिया बने हैं। इसके लिए नौजवान सवालों के घेरे में हैं। लेकिन शिक्षा के अधिकार के लिए संघर्षरत धीरेंद्र सिंह कहते हैं कि चूंकि आज की पीढ़ी की वैचारिकता में गहराई नहीं है। अपने आसपास के संघर्ष और उदारीकरण की छाया में बढ़ रही दुनिया की आपाधापी के बीच आज का नौजवान विकसित हो रहा है, इसलिए उसे चेतन भगत या अद्वैत काला पसंद आ रहे हैं। सच तो यह भी है कि इन लेखकों ने नई पीढ़ी के इसी वैचारिक संघर्ष को अपनी रचनाओं में धार दी है। हालांकि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से फ्रेंच की पढ़ाई कर रहे अजित कुमार कहते हैं कि पुरानी पीढ़ी क्यों भूल गई कि उन्हें भी एचह्वीलर पर बिकने वाला पल्प लिटरेचर एक दौर में बेहद पसंद था।
लेकिन आमोद - प्रमोद भरी दुनिया, दुनियादारी को लेकर सचेत नजरिया और अपने काम से काम रखने वाली नई पीढ़ी की सोच और कर्म में गहराई देश के भविष्य पर भी असर डाल सकती है। एसजीटी मेडिकल एंड डेंटल इंस्टीट्यूट के रजिस्ट्रार एसएन राजू कहते हैं कि उदारीकरण के चलते नई पीढ़ी दुनिया को सिर्फ सतही नजरिए से देखने का आदी बन गई है। उनका कहना है कि सतही नजरिया ज्यादा दिन तक नहीं चलता। आमोद-प्रमोद की एक सीमा होती है। लेकिन जिंदगी की कड़वी सच्चाईयों का सामना गहरे नजरिए से ही किया जा सकता है। राजू को चिंता है कि आज की पीढ़ी के पास जिंदगी की असल चुनौतियां झेलने का माद्दा कम होता जा रहा है।
लेकिन यह सच्चाई का एक ही पहलू है। अगर जिंदगी से जूझने का माद्दा नहीं रहता तो आज की देसी पीढ़ी की मेहनत और मेधा का झंडा अमेरिका के नासा से लेकर सिलिकॉन वैली तक नहीं फहरता। हां, यह बात और है कि आज की पीढ़ी के भारत और इंडिया में फर्क और अंतर बढ़ता जा रहा है। पहले शहरी युवा के साथ भारत का ग्रामीण युवा भी आसानी से घुलमिल सकता था। लेकिन उदारीकरण और नई संस्कृति के चलते ऐसा होना आसान नहीं रहा। आज भारत का ग्रामीण युवा शहरी नौजवानों के मुकाबले अपने को कमतर कर के आंक रहा है। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि वह 1974 के जेपी आंदोलन की तरह बदलाव लाने की भी नहीं सोच पा रहा है। आंदोलन तो उसके जेहन से दूर होते जा रहे हैं। सिंगूर या छोटे-मोटे एनजीओ के आंदोलन इसके अपवाद जरूर हो सकते हैं। राज सत्ता आंदोलनों से वैरभाव रखती हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि आंदोलन उनके खिलाफ हैं। इस तथ्य में एक हद तक सच्चाई भी है। लेकिन यह भी सच है कि आंदोलनों के गर्भ से विचार की नई राह निकलती है, विकास के नए नजरिए पैदा होते हैं। इन अर्थो में आंदोलन सामाजिक जिंदगी में भूचाल लाकर उसमें गति पैदा करता है। दुनिया के लोकतांत्रिक समाजों में ये जिम्मेदारी नौजवान पीढ़ी ही उठाती रही है। लेकिन दुर्भाग्वश भारतीय गणराज्य के नौजवानों में फिलहाल ऐसा आलोड़न उठता नहीं दिख रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: